महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित-भजनलाल
08-Mar-2024 07:16 PM 3711
जयपुर, 08 मार्च (वार्ता ) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हम सबके जीवन में नारी शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार महिला सशक्तीकरण में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। श्री शर्मा शुक्रवार को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को ओटीएस स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल रूप से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाएं सफलता का परचम लहरा रही हैं। उनके सम्मान तथा गरिमा को सुदृढ़ बनाए रखना हम सब की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को कई सौगातें दी। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं का वर्चुअल रूप से लोकार्पण तथा शुभारंभ कर विभिन्न वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केन्द्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 100 रुपए की छूट के निर्णय का स्वागत किया। श्री शर्मा ने कहा कि सभी क्षेत्रों में महिला उत्थान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार का गठन होते ही हमने प्रधानमंत्री मातृ वन्दन योजना के तहत गर्भवती और धात्री महिलाओं को दी जाने वाली राशि बढ़ाकर 6500 रुपए की है। उनको निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा देने के लिए ड।। वाउचर योजना की शुरूआत की गई है। साथ ही, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के मानदेय में भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के मद्देनजर सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में एंटी रोमियो स्कवॉड का गठन, 1024 पुलिस थानों में महिला डेस्क की स्थापना कर महिला पुलिसकर्मी की नियुक्ति, वूमेन हेल्प डेस्क, रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तहत बालिकाओं को सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण तथा लाडली सुरक्षा योजना के तहत सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे की स्थापना जैसे फैसले किए गए हैं। हम महिलाओं की सुरक्षा तथा सशक्तिकरण के लिए मजबूती के साथ काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी महिला उत्थान के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उनके हर संकल्प को राज्य सरकार प्रतिबद्ध होकर साकार करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल पर केन्द्र सरकार ने महिलाओं के हित में कई निर्णय लिए हैं। लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए संसद द्वारा ऐतिहासिक नारी शक्ति वन्दन अधिनियम पारित किया गया है। इस अधिनियम के प्रभावी होने के बाद महिलाओं को लोकसभा तथा विधानसभाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलना सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री द्वारा बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, हर घर शौचालय योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे महिलाएं सशक्त हुई हैं तथा उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने वर्चुअल रूप से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए हम बदलाव की शुरूआत अपने घर से करें, तभी समाज में बदलाव संभव होगा। उन्होंने कहा कि बेटों के समान बेटियों को भी महत्व देते हुए उनके सपनों को साकार करने में हमें अपना योगदान देना चाहिए। उपमुख्यमंत्री प्रेम चन्द बैरवा ने कहा कि विकसित भारत बनाने में महिला शक्ति का सक्रिय योगदान आवश्यक है तथा नारी सशक्तिकरण के लिए देश एवं प्रदेश में विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^