महाराष्ट्र में सरकार पूरी तरह चौकस: शिंदे
13-Jul-2022 07:55 PM 5671
मुंबई 13 जुलाई (AGENCY) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को कहा कि राज्य में सरकार मूसलाधार बारिश के कारण पैदा हुई आपात स्थिति पर पूरा ध्यान दे रही है और सभी जिला कलेक्टरों से संपर्क कर समन्वय किया जा रहा है। श्री शिंदे ने यह भी कहा कि मुख्य सचिव मनुकुमार श्रीवास्तव के साथ चर्चा की गई और उन्हें राज्य की स्थिति पर लगातार समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। वह ‘गुरुपूर्णिमा’ के अवसर पर दादर शिवाजी पार्क में अपने स्मारक पर हिंदू हृदय सम्राट दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। श्री शिंदे ने कहा,“मैं बुधवार सुबह से सभी जिला कलेक्टरों से बात कर रहा हूं। बांधों से पानी छोड़े जाने के समय की जानकारी नागरिकों को देने के निर्देश दिए गए हैं।” उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर राज्य में सभी व्यवस्थाएं सतर्क और तैयार हैं। किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लेकिन दुर्भाग्य से अगर कोई आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो आपातकालीन नियंत्रण प्रणाली द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचने का प्रयास किया जाता है। जिला कलेक्टर को अब तक विस्थापितों को भोजन और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^