मध्य अफ्रीकी गणराज्य में परीक्षा के दौरान ट्रांसफॉर्मर विस्फोट में कम से कम 10 लोगों के मौत
26-Jun-2025 11:51 AM 3152
बांगी, 26 जून (संवाददाता) मध्य अफ्रीकी गणराज्य (सीएआर) की राजधानी बांगी स्थित बार्थेलेमी बोगांदा हाई स्कूल में परीक्षा के दौरान ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट होने से कम से कम 10 लोगों की मौत और कई गंभीर रूप से घायल हुये हैं। राष्ट्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी आने पर इससे पहले इएनइआरसीए की एक टीम को मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया था। जैसे ही बिजली की आपूर्ति बहाल की गयी, ट्रांसफॉर्मर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे परीक्षा केंद्रों में अफरा-तफरी मच गयी। एक छात्र रुफिन पांडामा ने बताया, “हम परीक्षा दे रहे थे, तभी एक जोरदार धमाका हुआ। सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। कई साथी गिर गये और दब गये।' मंत्रालय ने कहा कि इस स्कूल में दो परीक्षा केंद्रों पर कुल 5,311 परीक्षार्थी उपस्थित थे। विस्फोट के बाद अस्पतालों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 लोगों की मौत की जानकारी मिली है और कई की हालत गंभीर बनी हुयी है। मंत्रालय ने बताया कि घटना की जांच की जायेगी और कारणों का पता लगाया जाएगा तथा शेष परीक्षा सत्र की नयी तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^