किसानों को नजरअंदाज कर नहीं कर पायेगा कोई: योगी
23-Apr-2024 08:45 PM 3153
बागपत 23 अप्रैल (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि अब देश में कोई भी राजनैतिक दल किसानों की अनदेखी कर राजनीति नहीं कर पायेगा। बडौत नगर के जनता वैदिक कॉलेज मैदान में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि पहले देश में जगह जगह धमाके होते रहते थे, जिसमें लोग भयभीत रहते थे और जान भी गंवानी पड़ती थी, लेकिन अब देश में कहीं भी तेज आवाज में पटाखा फटता है तो पाकिस्तान अपनी बेगुनाही की सफाई देता हुआ नजर आता है। दूसरी ओर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) सुप्रीमो चौधरी जयन्त सिंह ने कहा कि चौधरी साहब की राजनीतिक विरासत को बचाने के लिए आरएलडी व भाजपा के संयुक्त प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान को जिताना जरूरी है। योगी आदित्यनाथ और चौधरी जयंत सिंह के साथ ही चारू चौधरी ने आज एक साथ मंच से वोटरों को साधा। दोनों ही जनसभा में एकसाथ पहुंचे, जबकि योगी उनके बाद जनसभा स्थल पहुंचे। जनसभा स्थल पर भारी संख्या में भाजपा व रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां समर्थक योगी मोदी और जयंत चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए दिखे। बागपत लोकसभा सीट से रालोद प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान भी मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने एनडीए समर्थित प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान के पक्ष में वोट मांगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह ने जिन मूल्यों और आदर्शो के लिए राजनीति की थी, वे अब धरातल पर नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानों का सम्मान किया गया। अब किसानों को नजरअंदाज कर कोई राजनीति नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यों में एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन कर एक मंच पर आ गये हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में देश में सरिया कानून लाने की तैयारी है, जो तालिबानी शासन लागू करना चाहते हैं। योगी ने कहा कि साठ साल तक देश की सत्ता में रहने वाले अब गरीबी दूर करने का नारा दे रहे हैं। सपा ने अपने परिवार वालों को टिकट बांट दिये। उन्होंने कहा कि देश में धमाके होने बंद हो गये हैं। वहीं चौधरी जयन्त सिंह एवं चारू चौधरी ने अपने संयुक्त बयान में मंच से आहवाहन किया कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की राजनीतिक विरासत को बचाने के लिए एनडीए प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान को जिताना जरूरी है। हमारा दल किसी जात-पात व विशेष समाज की बात नहीं करता। हमें सभी वर्गो एवं जातियों को साथ लेकर चलना है। इसीलिए एनडीए का नारा है सबका साथ सबका विकास। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के बीच आपसी फूट है, जो स्वयं एकजुट नहीं है वो देश का क्या भला कर सकते है। इस दौरान विधायक डॉ अजय कुमार, मदन भैया, राज्यमंत्री केपी मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं रालोद जिलाध्यक्ष आदि सैकडो कार्यकर्ता मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^