कमलनाथ बताएं, अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां किसने चलवायीं थीं - शर्मा
26-Oct-2023 10:46 PM 3348
भोपाल, 26 अक्टूबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अयोध्या में राम मंदिर के मामले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ के बयान के बाद आज कहा कि चुनाव के समय राम मंदिर को देश का मंदिर बताने वालों ने कभी प्रभु श्रीराम का अस्तित्व ही नकार दिया था। श्री शर्मा ने यहां देर शाम भोपाल के दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी महामंत्री भगवानदास सबनानी भी मौजूद थे। श्री शर्मा ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए लाखों करोड़ों लोगों ने संघर्ष किया। रामभक्तों पर अयोध्या में गोलियां भी चलवा दी गयी थीं। जो लोग कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, अब वे ही अयोध्या में राम मंदिर को देश का मंदिर बता रहे हैं। ऐसे लोगों को स्पष्ट करना चाहिए कि वर्ष 1992 में अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां किसने चलवायीं थीं। उस समय के घटनाक्रम के बाद मध्यप्रदेश की तत्कालीन भाजपा सरकार बर्खास्त क्यों कर दी गयी थी। श्री शर्मा ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को निशाने पर लेते हुए कहा कि अब ये लोग सत्ता के लिए फिर से छल कपट की राजनीति कर रहे हैं। इस राज्य ने कांग्रेस का वर्ष 2003 के पहले का शासन भी देखा और श्री कमलनाथ के पंद्रह माह के शासन से भी सभी परिचित हैं। इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी श्री सबनानी ने भी लोगों को संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने न्यू मार्केट क्षेत्र में लोगों के बीच जाकर उनसे मुलाकात भी की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^