कल्पना पटोवारी का संगीतमय वृतचित्र गंगास्नान रिलीज
06-Jan-2025 01:39 PM 2440
मुंबई, 06 जनवरी (संवाददाता) जानीमानी गायिका कल्पना पटोवारी का बहुप्रतीक्षित संगीतमय वृतचित्र गंगास्नान रिलीज हो गया है।गंगास्नान, कल्पना पटवारी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से रिलीज किया गया है। यह वृतचित्र भिखारी ठाकुर की कालजयी रचना गंगास्नान पर आधारित है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई शैली और आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत किया गया है। इस गीत को लेकर कल्पना ने कहा कि गंगास्नान केवल एक गाना नहीं, बल्कि मां गंगा और सनातन संस्कृति को समर्पित एक संगीतमय श्रद्धांजलि है। यह वृतचित्र न केवल संगीत प्रेमियों, बल्कि गंगा के प्रति श्रद्धा रखने वाले हर व्यक्ति को जोड़ेगा। कल्पना की आवाज में गंगास्नान अब तक का सबसे अनूठा भोजपुरी संगीत है, जिसमें भारतीय जैज़ पियानोवादक लुइज बैंक्स, गिटारवादक कुश उपाध्याय, ड्रमर गीनो बैंक्स और सारंगी वादक दिलशाद खान जैसे प्रसिद्ध संगीतकार शामिल हैं। इस गाने में भारतीय जैज़ और ब्लूज़ को पश्चिमी संगीत के साथ मिलाकर एक अद्भुत रचना तैयार की गई है। इस प्रोजेक्ट में स्पेन और डेनमार्क के संगीतकारों ने भी योगदान दिया है। गाने के विभिन्न भागों को लुइज बैंक्स की जैज़ धुनों, गीनो बैंक्स के ड्रम सोलो और पश्चिमी ब्लूज़ पॉप गायन के साथ मिलाकर तैयार किया गया है।इस गाने को प्रसिद्ध लोक कलाकार स्वर्गीय रामाज्ञा राम और अरुणव डेका के सहयोग से लिखा गया है। गंगास्नान का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता समुज्जल कश्यप ने किया है। इस वृतचित्र की शूटिंग काशी और प्रयागराज जैसे सांस्कृतिक केंद्रों में की गई है, जो गंगा नदी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को खूबसूरती से दर्शाता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^