कांग्रेस और भ्रष्ट्राचार एक ही सिक्के के दो पहलू: नड्डा
07-Nov-2023 11:13 PM 7112
इंदौर, 07 नवंबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और भ्रष्ट्राचार एक ही सिक्के के दो पहलू है, वह जहां जहां रहेगी भ्रष्ट्राचार होना ही है। श्री नड्डा ने यह आरोप इंदौर जिले के महू में भाजपा प्रत्याशी उषा ठाकुर के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां रहेगी वहां भ्रष्टाचार तो होना ही है। कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक सिक्के के दो पहलू हैं। दूसरी तरफ भाजपा का मतलब है आपकी तरक्की, आपका विकास, आपकी सरकार और आपके साथ प्रदेश को आगे बढ़ाना। इसलिए ये चुनाव सिर्फ उषा ठाकुर को विधायक बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि ये मध्यप्रदेश को आने वाले समय में और तेजी से आगे बढ़ाने का चुनाव है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने पहले पानी में पनडुब्बी का घोटाला किया। हवा में अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाला और पाताल में कोयला घोटाला किया। इसके अलावा चावल घोटाला, चीनी घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम और मनरेगा घोटाला भी सामने आया था। श्री नड्डा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने घोटाले ही घोटाले किए। श्री नड्डा ने कहा कि 15 महीने की कांग्रेस की सरकार झूठ और छलावे की सरकार थी। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस ने दस दिनों में किसानों की कर्ज माफी की बात कही थी, लेकिन कर्ज तो माफ नहीं हुआ, 11 लाख 97 हजार किसानों को डिफाल्टर बना दिया। श्री नड्डा ने कहा कि क्या ऐसे झूठ बोलने वाले, घोटाले करने वालों को सत्ता में आने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 साल में भारत दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। 2024 में अगर आप फिर श्री मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे तो 2027 में भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। श्री नड्डा ने कहा कि दवाइयों के क्षेत्र में भारत आज दुनिया को 168 प्रतिशत ज्यादा दवाई बेच रहा है। सबसे सस्ती दवाई और सबसे अच्छी दवाई आज भारत में ही बन रही हैं। ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में हम नंबर तीन बन गए हैं। ये है भारतीय जनता पार्टी। श्री नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने मध्यप्रदेश को विकास के रास्ते पर बहुत तेजी से आगे बढ़ाया है। वर्ष 2023 में मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 2003 की तुलना में 10 गुना बढ़ गई है। प्रदेश का बजट 13 गुना बढ़ गया है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए निर्धारित बजट 57 गुना बढ़ गया है। प्रदेश में 34 नए रेलवे स्टेशन विकसित हो रहे हैं, हाईवे बन रहे हैं, इंदौर और भोपाल में मेट्रो के ट्रायल हो चुके हैं, ओवरब्रिज बन रहे हैं, वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^