जहांगीरपुरी हिंसाः स्थिति नियंत्रण में, अफवाहों पर ध्यान न देंः अस्थाना
16-Apr-2022 11:35 PM 6862
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (AGENCY) दिल्ली के पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने कहा कि उत्तर पश्चिम दिल्ली जिले के जहांगीरपुरी क्षेत्र में शनिवार को हनुमान जयंती की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है, और सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने ट्विटर कहा है स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। घटनास्थल के अलावा राजधानी के तमाम संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई जगहों पर अतिरिक्त पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा है मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री अस्थाना ने ट्वीट कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि हिंसक घटनाओं से संबंधित भ्रामक खबरें एवं अफवाह के प्रति सचेत रहें। उन पर ध्यान न दें। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हनुमान जयंती की शोभायात्रा पर पथराव संबंधित कुछ वीडियो फुटेज बरामद किए गए हैं। उनकी जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस प्रवक्ता ने देर रात बताया कि घटना में घायलों एवं संपत्ति के नुकसान के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जहांगीरपुरी शोभा यात्रा के दौरान हिंसा एवं आगजनी की घटनाओं में पुलिस कर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुशल सिनेमा के पास शोभा यात्रा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। इसके बाद आगजनी में कई वाहनों में आग लगा दी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^