जावा में भूकंप के जबरदस्त झटके , 40 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल
21-Nov-2022 05:35 PM 2792
जकार्ता 21 नवंबर (संवाददाता) इंडोनेशिया के जावा द्वीप जावा में सोमवार को भूकंप के जबरदस्त झटके में 40 से अधिक लोगों की मौत हो गयी और सैकड़ों लोग घायल हो गये। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 मापी गयी। भूकंप का केंद्र पश्चिम जावा के सियानजुर शहर में जमीन की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में रहा। राजधानी जकार्ता से करीब 100 किलामीटर दूर तक भूकंप के झटके महसूस किये गये। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने आशंका जतायी है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार बचावकर्मी भूकंप के झटकों से ढहे इमारतों से लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं। एक महिला और बच्चे को बचा लिया गया है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक सियानजुर शहर के प्रशासन प्रमुख हर्मन सुहरमन ने स्थानीय मीडिया को भूकंप से कम से कम 46 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी है और करीब 700 लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रीय आपदा एजेंसी ने बताया कि सियांजुर क्षेत्र में दर्जनों इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इनमें एक अस्पताल और एक इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल शामिल है। इंडोनेशिया के सुलावेसी में 2018 में आये भूकंप से 2,000 से अधिक लोगों की जानें गयी थी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^