06-May-2024 11:26 AM
5333
पटना, 06 मई (संवाददाता) बिहार लोकसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन के 26 और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 09 प्रत्याशी संसद (लोकसभा) के नये सिकंदर बनने के लिये बेताब हैं।
इडिया गठबंधन में सीटों में तालमेल के तहत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 23, कांग्रेस को 09, वामदल को 05 और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को तीन सीट मिली है। राजद के टिकट पर 14 नये प्रत्याशी, कांग्रेस के टिकट पर चार, वामदल के टिकट पर सभी पांच और वीआईपी के टिकट पर सभी तीन प्रत्याशी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।इनमें राजद के सात वर्तमान विधायक समेत 14 प्रत्याशी शामिल हैं। इन सात विधायकों में गया सीट से बोधगया (सु) के विधायक कुमार सर्वजीत पासवान , पूर्णिया से रूपौली की विधायक बीमा भारती, दरभंगा सीट से दरभंगा ग्रामीण के विधायक ललित यादव, बक्सर सीट से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र और रामगढ़ के विधायक सुधाकर सिंह, सुपौल सीट से सिंहेश्वर के विधायक चंद्रहास चौपाल, अररिया से पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन के पुत्र और जोकीहाट के विधायक शाहनवाज आलम और सीवान संसदीय सीट से सीवान के विधायक और बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी संसद के नये सिकंदर बनने के लिये बेताब हैं।
राजद के अन्य सात प्रत्याशी जो संसद के नये सिकंदर बनने के लिये बेताब हैं उनमें राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव औैर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की पुत्री रोहिणी आचार्य सारण से, श्रवण कुशवाहा नवादा से, अर्चना रविदास जमुई (सु) से , अभय कुमार कुशवाहा औरंगाबाद से , अनिता देवी मुंगेर से, रितु जायसवाल शिवहर से, मधेपुरा से कुमार चंद्रदीप शामिल हैं।
कांग्रेस के टिकट पर चार प्रत्याशी पहली बार लोकसभा के रण में अपनी किस्मत आजमायेंगे।पश्चिमी चंपारण सीट से बेतिया के पूर्व विधायक मदन मोहन तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, समस्तीपुर (सु) से समाजवाद के पुरोधा पूर्व विधायक-सासंद रामसेवक हजारी के पौत्र और पूर्व सांसद महेश्वर हजारी के पुत्र सन्नी हजारी, पटना साहिब से पूर्व उप प्रधानमंत्री जगजीवन राम के नाती और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष- पूर्व सांसद मीरा कुमार के पुत्र अंशुल अभिजीत और भागलपुर संसदीय सीट से भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा पहली बार सांसद बनने के लिए बेताब हैं।
वामदल के सभी पांच प्रत्याशी पहली बार लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे। आरा संसदीय सीट पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सुदामा प्रसाद भोजपुर जिले के तरारी विधानसभा के विधायक हैं वहीं नालंदा से प्रत्याशी संदीप सौरभ पटना जिले के पालीगंज से विधायक हैं, जबकि काराकाट से राजाराम सिंह पहली बार संसद के नये सिकंदर बनने के लिये बेकरार हैं। बेगूसराय सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर पूर्व विधायक अवधेश राय जबकि खगड़िया सीट से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के टिकट पर पूर्व विधायक योगेन्द्र सिंह के पुत्र और विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार के भाई संजय कुमार चुनावी रण में उतरे हैं।
मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी के टिकट पर गोपालगंज (सु) से प्रेमनाथ चंचल उर्फ चंचल पासवान, झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र से सुमन कुमार उर्फ सुमन कुमार महासेठ और पूर्वी चंपारण से राजेश कुशवाहा सांसद बनने के लिये चुनावी रण में उतरे हैं।
इस बार के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सीट, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) 16 , लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास ) पांच , हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) एक-एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा के टिकट पर तीन, जदयू के टिकट पर तीन और लोजपा के टिकट पर तीन नये प्रत्याशी पहली बार लोकसभा के रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
भाजपा के टिकट पर बक्सर सीट से बैकुंठपुर से पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी, सासाराम (सु) सीट से पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत मुनि लाल के पुत्र और अगिआंव विधानसभा के पूर्व विधायक शिवेश राम और नवादा सीट से पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी.पी.ठाकुर के पुत्र राज्यसभा सांसद विवेक ठाकुर पहली बार लोकसभा के रण में उतरे हैं।
वहीं, जदयू के टिकट पर सीतामढ़ी सीट से बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर, किशनगंज सीट से कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम और सीवान से जीरादेई के पूर्व विधायक रमेश कुशवाहा की पत्नी विजया लक्ष्मी देवी पहली बार लोकसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमा रही हैं।
लोजपा के टिकट पर जमुई (सु) सीट से लोजपा-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के जीजा औैर कांग्रेस की पूर्व मंत्री डॉ. ज्योति के पुत्र अरूण भारती, समस्तीपुर (सु) से पूर्व सांसद महावीर चौधरी की पोती और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी की पुत्री शांभवी चौधरी, तथा खगड़िया से भागलपुर के पूर्व डिप्टी मेयर राजेश वर्मा सांसद बनने के लिये बेकरार हैं।
देखना दिलचस्प होगा कि इंडिया गठबंधन और राजग के टिकट पर पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे कितने नये प्रत्याशी बाजी अपने नाम कर संसद के नये सिकंदर बनने में कामयाब हो पाते हैं।...////...