हिमाचल में हिमपात के बाद बढ़ी शीतलहर, 16 से फिर बिगड़ेगा मौसम
12-Jan-2025 07:48 PM 7377
शिमला, 12 जनवरी (संवाददाता) हिमाचल प्रदेश की वादियां एक बार फिर ताजा हिमपात के बाद सफेद चादर में ढक गई हैं। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चम्बा और शिमला जिला के ऊंचे क्षेत्रों में शनिवार रात से हिमपात हो रहा है। वहीं मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं वर्षा और घना कोहरा छाया है। राज्य में हिमपात और बारिश के चलते शीतलहर तेज हो गई है। आधा दर्जन शहरों का पारा माइनस में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने राज्य में आगामी दिनों में और हिमपात और बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार गोंदला में छह, कोठी, खदराला, केलंग और शिलारू में पांच-पांच, जोत में चार और कल्पा में एक सेंटीमीटर ताज़ा बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति का ताबो इस समय सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां रविवार को न्यूनतम पारा -5.2 डिग्री तक गिर गया है। इसके अलावा अन्य पहाड़ी व जनजातीय क्षेत्रों में भी तापमान शून्य से नीचे है। शिमला जिला के नारकण्डा व कुफ़री में पारा -2.9 डिग्री व -1.2 डिग्री, कुकुमसेरी में -2.8 डिग्री, समधो में -2.7 डिग्री और कल्पा में -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली और शिमला में भी न्यूनतम तापमान क्रमशः 1.4 डिग्री और 2.2 डिग्री पर पहुंच गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^