07-Jun-2025 10:41 PM
5788
ढाका, 07 जून (संवाददाता) बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस की आलोचना करते हुए उन पर देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने, बड़े पैमाने पर सामाजिक अस्थिरता पैदा करने, देश के इतिहास और पहचान को नष्ट करने का आरोप लगाया है।
सुश्री हसीना ने श्री यूनुस के उस दावे को खारिज किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पिछले साल अगस्त में उनके सत्ता में आने से पहले देश की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल थी।
डेली रिपब्लिक की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा “ मैंने आज उनका भाषण सुना। श्री यूनुस अपने कुकर्मों के लिए बहाने बनाने की कोशिश कर रहे थे। उनकी टिप्पणी वास्तविकता से मेल नहीं खाती।” उन्होंने कहा कि श्री यूनुस ने दावा किया कि जब वे सत्ता में आए तो अर्थव्यवस्था बिखर गई थी। यह हकीकत नहीं है। हमारी अर्थव्यवस्था सबसे मजबूत स्थिति में थी।”
उन्होंने अपने कार्यकाल की सफलता और देश की अर्थव्यवस्था को ऊपर उठाने के अपने प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा “ उन्होंने (श्री यूनुस) अर्थव्यवस्था को इतना नष्ट कर दिया है कि वे मेरे पिछले बजट 7,97,000 करोड़ टका (7.954 बिलियन अमेरिकी डॉलर) को पार नहीं कर सके, बल्कि उन्होंने इसे कम कर दिया। बजट नीचे नहीं जाता है।”
उन्होंने कहा, “जब मैंने 2009 में पदभार संभाला था तब बंगलादेश का बजट केवल 68,000 करोड़ टका (5.576 बिलियन अमेरिकी डॉलर) था और यह बढ़कर 7,97,000 करोड़ टका हो गया। दक्षिण एशिया में बंगलादेश की अर्थव्यवस्था दूसरे, एशिया में नौवें और दुनिया में 35वें स्थान पर आ गयी थी।”
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी से पहले बंगलादेश का सकल घरेलू उत्पाद ( जीडीपी) आठ प्रतिशत की दर से बढ़ रही थी और महामारी, वैश्विक स्टॉक में गिरावट और रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण गिरावट आने के बावजूद वह आर्थिक विकास को 6.7 प्रतिशत पर बनाए रखने में सक्षम रही।
उन्होंने कहा, “अवामी लीग ने 2009 में प्रति व्यक्ति आय 445 डॉलर से बढ़ाकर 2,794 डॉलर कर दी थी। वहीं, 2023 में बंगलादेश की जीडीपी की रफ्तार 7.4 प्रतिशत हो गयी। व्यापक जन-हितैषी कार्यक्रमों के कारण गरीबी 18 प्रतिशत और अत्यधिक गरीबी पांच फीसदी तक कम हो गयी।”
बंगलादेेश की आर्थिक स्थिति के बारे में संयुक्त राष्ट्र महासभा के फैसले को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी अवामी लीग सरकार के तहत देश को अंततः एक विकासशील राष्ट्र के रूप में मान्यता दी गई थी और यह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक हो गयी थी।
देश की आर्थिक वृद्धि को बाधित करने के लिए श्री यूनुस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा “ उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं और बेरोजगारी दर में भारी वृद्धि हुई है। ”
उन्होंने कहा “ अवामी लीग के कार्यकाल के दौरान एक दिहाड़ी श्रमिक या रिक्शा चालक परिवार के वास्ते तीन समय की भोजन की व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त कमा सकता था। अब वे एक समय के भोजन के लिए भी पैसे नहीं कमा सकते हैं।हमने गरीबी दर को कम किया। उन्होंने इसे बढ़ा दिया है।”
उन्होंने श्री यूनुस को ‘बहुत चतुर झूठा’ बताते हुए कहा कि श्री यूनुस के पदभार संभालने के बाद से देश में मुद्रास्फीति में भारी वृद्धि हुई है, जो पहले की 8-9 प्रतिशत की दर के मुकाबले 14 प्रतिशत तक बढ़ गयी है।
सुश्री हसीना ने श्री यूनुस के उस दावे को भी खारिज किया कि देश में प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सभी विकास परियोजनाओं का नाम शेख मुजीबुर रहमान के नाम पर रखा गया था क्योंकि वह उनके पिता थे। उन्होंने कहा कि यह सम्मान दिखाने और उनके योगदान को स्वीकार करने का एक तरीका था।
उन्होंने कहा “ श्री यूनुस का दावा है कि मैंने अपने रिश्तेदारों, माता-पिता और भाई-बहनों के नाम पर हर चीज का नाम रखा है। यह सच नहीं है। राष्ट्रपिता ने हमें आजादी दिलाई। आप चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, बंगबंधु का नाम नहीं मिटा सकते। इतिहास अपना रास्ता खुद बनाता है। आज, आप बंगबंधु की यादों को मिटाने और हर जगह से उनका नाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। आप कहां खड़े हैं? बंगलादेश नाम बंगबंधु ने दिया था।...////...