हर घर तिरंगा अभियान ने देश को एकसूत्र में बांध दिया : मोदी
25-Aug-2024 01:05 PM 5293
नयी दिल्ली 25 अगस्त (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'हर घर तिरंगा और पूरा देश तिरंगा' अभियान की कामयाबी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आज कहा कि हर घर तिरंगा वेबसाइट पर की गयीं पाँच करोड़ से ज्यादा सेल्फी ने पूरे देश को एक सूत्र में बांध दिया है। श्री मोदी ने आकाशवाणी पर अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में इसका उल्लेख करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा और पूरा देश तिरंगा’ इस बार ये अभियान अपनी पूरी ऊंचाई पर रहा। देश के कोने-कोने से इस अभियान से जुड़ी अद्भुत तस्वीरें सामने आई हैं। हमने घरों पर तिरंगा लहराते देखा - स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय में तिरंगा देखा। लोगों ने अपनी दुकानों, दफ्तरों में तिरंगा लगाया, लोगों ने अपने डेस्कटॉप, मोबाइल और गाड़ियों में भी तिरंगा लगाया। जब लोग एक साथ जुड़कर अपनी भावना प्रकट करते हैं, तो इसी तरह हर अभियान को चार चाँद लग जाते हैं। उन्होंने टीवी स्क्रीन पर तस्वीरों को साझा करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के रियासी की हैं। यहाँ 750 मीटर लंबे झंडे के साथ तिरंगा रैली निकाली गई और ये रैली दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज पर निकाली गई। जिसने भी इन तस्वीरों को देखा, उसका मन खुशी से झूम उठा। श्रीनगर के डल लेक में भी तिरंगा यात्रा की मनमोहक तस्वीरें हम सबने देखी। अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में भी 600 फुट लंबे तिरंगे के साथ यात्रा निकाली गई। देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह, हर उम्र के लोग, ऐसी तिरंगा यात्राओं में शामिल हुए। स्वतंत्रता दिवस अब एक सामाजिक पर्व भी बनता जा रहा है, ये, आपने भी अनुभव किया होगा। लोग अपने घरों को तिरंगा माला से सजाते हैं। ‘स्वयं सहायता समूह’ से जुड़ी महिलाएं लाखों झंडे तैयार करती हैं। ई कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर तिरंगे में रंगे सामानों की बिक्री बढ़ जाती है। श्री मोदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के हर कोने, जल-थल-नभ - हर जगह हमारे झंडे के तीन रंग दिखाई दिए। हर घर तिरंगा वेबसाइट पर पाँच करोड़ से ज्यादा सेल्फी भी पोस्ट की गई। इस अभियान ने पूरे देश को एक सूत्र में बांध दिया है और यही तो ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^