गडकरी ने गया में करोड़ों रुपए की योजनाओं की दी सौगात
21-Nov-2024 05:29 PM 3567
गया, 21 नवंबर (संवाददाता) केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बिहार के गया में करोड़ों रुपए की कई योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकापर्ण किया। श्री गडकरी ने गया-डोभी मुख्य सड़क मार्ग पर मगध विश्वविद्यालय के समीप नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लिए केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार विशेष व्यवस्था कर रही हैं। बिहार में सड़कों का जाल बिछेगा। उन्होंने इस मौके पर गया, पटना एवं बिहार की अन्य जिलों में कई रेलवे ओवरब्रिज बनाने की घोषणा की। इसके अलावा कई किलोमीटर तक सड़क बनाने की भी घोषणा की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा की मांग पर पश्चिम चंपारण के बेतिया में गंढक नदी पर फोरलेन बनाया जाएगा। इसके अलावा बिहार में ग्रीन एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। बनारस-सारनाथ से वाया डोभी होते हुए बोधगया तक सड़क बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आज छह सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ है। श्री गडकरी ने कहा कि राजौरी से बख्तियारपुर तक फेज तीन की सड़क का उद्घाटन हुआ है। वहीं फेज एक के तहत बनने वाली सड़क का शिलान्यास भी किया गया है। आने वाले समय में बिहार की तस्वीर बदल जाएगी। बिहार के विभिन्न जिलों से पटना तक जाने में कम समय लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच का परिणाम है कि आज देश में सड़कों का जाल बिछ रहा है। इससे पूर्व श्री गडकरी बोधगया स्थित महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र में मगध विश्वविद्यालय और भारतीय आर्थिक परिषद के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित 22वां बिहार आर्थिक परिषद सम्मेलन में शामिल हुए. इस दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मंत्री अशोक चौधरी, डॉ. प्रेम कुमार, पूर्व सांसद सुशील सिंह, हरि मांझी, पूर्व विधायक श्याम देव पासवान, मगध यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. एसपी शाही सहित कई लोग मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^