दिग्विजय सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने की बोल रहे है भाषा-चुघ
24-Jan-2023 11:52 PM 2577
जम्मू, 24 जनवरी (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने सर्जिकल स्ट्राइक के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणी को लेकर मंगलवार को उनकी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की भाषा बोलने की आदत है ताकि भारतीय सुरक्षा बल का मनोबल गिरे। श्री चुघ ने कांग्रेस आलाकमान से दिग्विजय सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की और यह भी सुझाव दिया कि केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा श्री सिंह के देश विरोधी भाषण पर कड़ा संज्ञान लें। उन्होंने यहां एक बयान में कहा कि कांग्रेस के नेता देश के सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने की कोशिश करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक सशस्त्र बलों की एक शानदार उपलब्धि थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जवानों को सलाम करने के बजाय सशस्त्र बलों को हतोत्साहित करने के लिए राष्ट्र-विरोधी रुख अपनाने से नहीं चूक सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर कांग्रेस श्री दिग्विजय के बयान से सहमत नहीं है तो उन्हें देश विरोधी टिप्पणी के लिए तुरंत पार्टी से निष्कासित कर दिया जाना चाहिए। गौरतलब है कि श्री दिग्विजय सिंह ने सोमवार को सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका कोई सबूत नहीं है। श्री राहुल गांधी ने मंगलवार को जम्मू के झज्जर कोटली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि श्री दिग्विजय सिंह के विचार व्यक्तिगत हैं और कोई भी हमारे सशस्त्र बलों पर सवाल नहीं उठा सकता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^