09-Jun-2024 09:34 PM
2555
बेंगलुरु 09 जून (संवाददाता) जनता दल-सेक्यूलर (जद-एस) नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने कांग्रेस पार्टी पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बदनाम करने के लिए अभियान चलाने का आरोप लगाया और उसके कार्यों को देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने के लिए हानिकारक करार दिया।
श्री देवेगौड़ा ने राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल के शपथग्रहण समारोह से ठीक पहले प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत श्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा, “हालिया चुनाव में हमारी संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को बदनाम करने के लिए कांग्रेस पार्टी का अभियान और नीयत उजागर हुई है। देश की जनता कांग्रेस के अहंकार और नकारात्मकता को बड़ा सबक सिखायेगी।” उन्होने जोर दिया कि कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन फीका रहा है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी दावा करती है कि इस बार उसने बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन सच्चाई यह है कि कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में वह पिछड़ गयी है। अलबत्ता उसने अपने सहयोगी दलों के साथ कुछ अन्य राज्यों में अपेक्षाकृत अच्छा प्रदर्शन किया है। देखते हैं कि उसके सहयोगी दल उसे कब तक बर्दाश्त करेंगे।”
पूर्व प्रधानमंत्री ने हालिया लोकसभा चुनाव परिणामों को भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता का आकर्षक प्रतिबिंब बताते हुए चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से प्रदर्शित लोकतांत्रिक भावना की प्रशंसा की और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की ताकत में अपने विश्वास की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “चुनावों के दिलचस्प परिणाम सामने आये हैं। यह भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता को साबित करता है। इसने साबित कर दिया है कि आप एक सच्चे लोकतंत्रवादी हैं।”
स्वास्थ्यगत कारणों से इस मौके पर व्यक्तिगत रूप से शामिल न हो पाने पर खेद व्यक्त करते हुए श्री देवेगौड़ा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार को अपनी पार्टी का समर्थन दोहराया। उन्होंने गठबंधन तथा देश के लोगों की सेवा के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता भी जतायी।...////...