देव ऋषि नारद का उद्देश्य लोकमंगल ही रहा है - मनमोहन वैद्य
17-May-2022 11:24 PM 6482
भोपाल, 17 मई (AGENCY) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह मनमोहन वैद्य ने आज कहा कि आदि पत्रकार के रूप में विख्यात देव ऋषि नारदजी के कार्यों का उद्देश्य सदैव लोकमंगल का रहा है और आज के युग में भी पत्रकारों को समाजहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना चाहिए। डॉ वैद्य ने यहां विश्व संवाद केंद्र की ओर से देव ऋषि नारद की जयंती के अवसर पर 'विश्व पटल पर भारत- मीडिया की भूमिका' विषय पर आयोजित समाराेह काे संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिवेदी मौजूद थे। समारोह में पत्रकारों का सम्मान भी किया गया। डॉ वैद्य ने कहा कि श्री नारद संवाददाता थे। तीनों लोकों में उनका संवाद था और देवता तथा दानव भी उनका सम्मान करते थे। नारदजी के सभी कार्यों का उद्देश्य लोकमंगल रहता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में भी पत्रकारों को स्वयं को समाज का हिस्सा मानकर ऐसा कार्य करना चाहिए, जो समाज और जनहित में हो। अन्याय का निश्चित रूप से विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सरकारों की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए आधार भी होना चाहिए। तथ्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नारद जयंती की सार्थकता तभी है, जब पत्रकार समाज को अपना मानते हुए पत्रकारिता कर अपने दायित्व का निर्वहन करे। वरिष्ठ पत्रकार विजय त्रिवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि नारद वह पत्रकार थे, जो भगवान विष्णु को भी कमियां बताने से नहीं चूकते थे। उन्होंने कहा कि क्या आज का पत्रकार ऐसा कर रहा है। इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र के कार्यकारी अध्यक्ष अजय नारंग ने भी अपनी बात रखी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^