देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति का आर्थिक विकास जरुरी: शाह
21-Dec-2024 10:24 PM 6408
नयी दिल्ली 21 दिसम्बर (संवाददाता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में नॉर्थ ईस्ट डेवलपमेंट फाइनेंस कॉर्पोरेशन एनईडीएफसी की ओर से आयोजित नॉर्थ ईस्ट बैंकर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति का आर्थिक विकास जरूरी है। इस अवसर‌ पर केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केन्द्रीय उत्तर पूर्वी विकास क्षेत्र राज्य मंत्री सुकांत मजुमदार और केन्द्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि140 करोड़ की जनसंख्या और विषम भौगोलिक स्थिति वाले देश भारत के लिए अर्थतंत्र को बढ़ावा देने के साथ ही हर क्षेत्र क्षेत्र, राज्य और हर गांव और हर व्यक्ति का आर्थिक विकास जरुरी है। जब तक हम देश के 140 करोड़ लोगों के आर्थिक विकास को पूरा नहीं कर सकते तब तक विकसित राष्ट्र नहीं बन सकते। विकसित राष्ट्र की कल्पना ही यह है कि हर व्यक्ति अपने और अपने परिवार का पालन करने में सक्षम हो, हर व्यक्ति के पास मूलभूत सुविधाएँ हों और हर व्यक्ति देश के विकास में योगदान करे। ऐसा राष्ट्र ही विकसित राष्ट्र बन सकता है। श्री शाह ने कहा कि किसी भी देश को आगे बढ़ना है तो उसका सम विकास होना चाहिए और हमारे बैंकर्स को भी इस मूल सिद्धांत को अपनाना चाहिए। पूर्वोत्तर का विकास सबकी राष्ट्रीय ज़िम्मेदारी और दायित्व है। उन्होंने बैंकर्स से अनुरोध करते हुए कहा कि वे नार्थ ईस्ट को सिर्फ़ बिज़नेस, संभावना और मुनाफ़े की दृष्टि से न देखें बल्कि इसे जिम्मेदारी के तौर पर देखें। पूर्वोत्तर अगले 25 साल में भारत के विकास और विश्वास का गेटवे बनेगा और इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण के सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^