बिपाशा के बाद संजू और भतेरी को भी रजत से करना पड़ा संतोष
20-Aug-2021 10:28 PM 8936
नयी दिल्ली, 20 अगस्त (AGENCY) भारत की बिपाशा को 76 किग्रा वर्ग के फ़ाइनल में गुरूवार को हारकर रूस के उफा में चल रही जूनियर विश्व कुश्ती प्रतियोगिता में रजत पदक से संतोष करना पड़ा जबकि दो अन्य भारतीय महिला पहलवानों संजू देवी ने 62 किग्रा और भतेरी ने 65 किग्रा के फ़ाइनल में जगह बना ली। लेकिन दोनों भारतीय पहलवानों को फ़ाइनल में हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारतीय महिला टीम को 134 अंकों के साथ तीसरा स्थान मिला। रूस के भी 134 अंक रहे लेकिन दो स्वर्ण जीतने की बदौलत उसे दूसरा स्थान मिल गया। अमेरिकी टीम 143 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही। संजू को शुक्रवार को फाइनल में रूसी पहलवान एलीना कसाबियेवा के खिलाफ 0-10 से हार का सामना करना पड़ा जबकि भतेरी को मोल्दोवा की पहलवान इरिना रिंगासी ने एकतरफा अंदाज में 12-2 से पराजित किया और स्वर्ण पदक जीता। इस बीच सीतो ने 55 किग्रा वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में तुर्की की पहलवान को 11-0 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया जबकि आरजू 68 किग्रा वर्ग में चोटिल होने के कारण कांस्य पदक मुकाबले में नहीं उतरीं। स्नेह को 72 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक मुकाबले में रूस की पहलवान मरियम गुसेनोवा ने 3-0 से हरा दिया। इस बीच ग्रीको रोमन वर्ग में आज पांच वजन वर्गों के मुकाबले हुए लेकिन एक भी भारतीय पहलवान पदक राउंड में नहीं पहुंच सका। शेष पांच वजनों के मुकाबले कल होंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^