बिहार विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा : ललन सिंह
15-Dec-2024 09:09 PM 4559
राजगीर, 15 दिसंबर (संवाददाता) केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत का दावा करते हुए आज कहा कि साल 2025 में होने वाला विधानसभा चुनाव श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। श्री सिंह ने रविवार को नालंदा जिले के श्रम कल्याण केंद्र के प्रांगण में जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार 2005 से पूर्व बदहाल था। बिहार में अपहरण का उद्योग चलता था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता में आते ही कानून का राज स्थापित करने का काम किया। उनके कार्यकाल में पूरे राज्य में सड़कों का जाल बिछा और लोगों को बिजली उपलब्ध करायी गई। केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव मुंगेरीलाल का हसीन सपना देख रहे है जो कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी बयान दे रहे हैं कि उन्होंने नीतीश कुमार को बिहार में नौकरी देने की बात कही। वास्तविकता यह है कि उनके पिता लालू प्रसाद को नीतीश कुमार के सामने कुछ बोलने का हिम्मत नहीं होती थी। उन्होंने कहा कि साल 2025 में बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनेगी। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की उन्नति एवं प्रगति के लिए प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि बिहार में 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार बनेगी। इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, मंत्री महेश्वर हजारी सहित कई विधायक मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^