भाजपा हिंसा के दम पर सत्ता में आने का देख रही है ख्वाब: गहलोत
09-Apr-2022 10:46 PM 4297
श्रीगंगानगर, 09 अप्रैल (AGENCY)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी भाजपा प्रदेश में हिंसा के दम पर सत्ता में आने का ख्वाब देख रही है। दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर पहुंचे श्री गहलोत ने आज सादुल क्लब मैदान में हेलीपैड पर मीडिया से बातचीत में करौली हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा माहौल शांत करने के बजाय बिगाड़ने में जुटी है। हमारी सरकार ने ऐसा खुशहाली वाला बजट इस वर्ष पेश किया है, जिसका हर वर्ग और हर समुदाय सराहना कर रहा है। इस बजट के कारण कांग्रेस लोकप्रियता से घबराई भाजपा अब प्रदेश में सांप्रदायिकता की आग भड़काना चाहती है। इसकी शुरुआत भाजपा ने करौली से कर दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे भाजपा नेताओं ने राजस्थान में पार्टी के नेताओं को बकायदा आगाह किया है कि राजस्थान में आग भड़काओ, तभी हमारी सरकार बनेगी। श्री गहलोत ने कहा-अब बताओ यह कहां का लोकतंत्र है। भाजपा धर्म के नाम पर हिंसा भड़का कर सत्ता पर काबिज होना चाहती है। उसे महंगाई और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों से कोई लेना देना नहीं है। देश भर में उपजे ताजा हालातों पर श्री गहलोत ने कहा कि बहुत खतरनाक दौर देश में चल रहा है। लोकप्रियता के लिए मुद्दों को भाजपा क्या-क्या रंग दे रही है। श्री गहलोत ने कहा-मैं पूछना चाहता हूं कि जगह-जगह तनाव पैदा कर भाजपा देश को कहां ले जाना चाहती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजस्थान में भाजपा आग भड़काने के कितने भी प्रयास कर ले, उनके मंसूबों को हम कामयाब नहीं होने देंगे। हमारी पिछली सरकार ने राजस्थान में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई थीं। बाद में वसुंधरा सरकार आई तो एक-एक कर योजनाओं को बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि-आप (भाजपा) यह कैसी राजनीति कर रहे हैं। हमारी सरकार ने कोरोना से उपजे घोर आर्थिक संकट के बावजूद राजस्थान में ऐतिहासिक बजट पेश किया है। श्री गहलोत ने कहा कि वे कांग्रेस में निचले स्तर से शीर्ष पदों पर रहे हैं। इस दौरान संगठन स्तर पर खूब लड़ाई हुई है। इसलिए मेरी मंशा है कि कांग्रेस के जो युवा नेता संगठन में काम कर रहे हैं, उनकी रगड़ाई होनी चाहिए। बीकानेर में आयोजित एनएसयूआई के समारोह में वे कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े नई पीढ़ी के नेताओं को रगड़ाई का पाठ पढ़ाने आया हूं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^