भाजपा बोचहां उपचुनाव में हार की करेगी समीक्षा : जायसवाल
16-Apr-2022 09:26 PM 5658
पटना 16 अप्रैल (AGENCY) बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने बोचहां विधानसभा उपचुनाव में जनादेश स्वीकार करते हुए आज कहा कि पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी। डॉ. जायसवाल ने बोचहां विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार अमर पासवान को उनकी जीत के लिए बधाई देते हुए कहा कि भाजपा उप चुनाव परिणाम को स्वीकार करती है। उन्होंने चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का समर्थन करने वाले मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव परिणाम से बिल्कुल भी परेशान नहीं है लेकिन भविष्य की रणनीति तैयार करने के लिए वह इस हार की समीक्षा अवश्य करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि पार्टी बोचहां में मतदाताओं के साथ ठीक से संवाद स्थापित नहीं कर सकी जिससे उपचुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लंबे संघर्ष के बाद एक मुकाम हासिल किया है और वह इस बात पर दृढ़ है कि उप चुनाव परिणाम से पार्टी कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह कम नहीं होंगे। डॉ. जायसवाल ने कहा कि पार्टी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को छोड़कर लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेगी और बोचहां में विकास गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^