बलूचिस्तान विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 50 हुई
29-Sep-2023 05:56 PM 2881
इस्लामाबाद, 29 सितंबर (संवाददाता) पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत के मस्तंग जिले में शुक्रवार को एक धार्मिक जुलूस में हुए शक्तिशाली बम विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 50 हो गई। पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रांतीय राजधानी क्वेटा में आतंकवाद निरोधक विभाग पुलिस के उप महानिरीक्षक एत्ज़ाज़ अहमद गोराया ने हताहतों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि विभिन्न अस्पतालों में उपचार के दौरान कम से कम 30 अन्य घायल लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 50 हो गयी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि बम विस्फोट में 50 से अधिक लोग घायल है और कई लोगों का अभी भी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घायलों में से कई की हालत बेहद गंभीर है। विस्फोट एक मस्जिद के पास उस समय हुआ जब लोग मस्तंग जिले के कोरा खान इलाके में इस्लाम के पैगंबर मुहम्मद के जन्मदिन ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हो रहे थे। प्रारंभिक रिपोर्ट और पुलिस जांच के मुताबिक ये एक आत्मघाती हमला था। पुलिस ने कहा कि संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और विस्फोट के प्रकार का पता लगाने के लिए फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं। विस्फोट के बाद सुरक्षा बल और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को जिले के नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। जिले के सभी अस्पतालों में आपातकाल लागू कर दिया गया है। प्रांतीय सरकार ने दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर शोक व्यक्त करने के लिए पूरे प्रांत में तीन दिवसीय शोक की घोषणा की। शोक अवधि के दौरान सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। अभी तक किसी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^