अमित शाह को पंजाब का इतिहास पढ़ना चाहिये: संजय सिंह
29-May-2024 08:03 PM 7860
होशियारपुर 29 मई (संवाददाता) आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को होशियारपुर से आप उम्मीदवार डॉ राजकुमार चब्बेवाल के लिये प्रचार करते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और कहा कि श्री शाह पंजाब के लोगों को धमका रहे हैं कि चार जून को वे पंजाब में आप सरकार को गिरा देंगे और श्री भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद से हटा देंगे। श्री सिंह ने कहा कि श्री शाह को पहले पंजाब का इतिहास पढ़ना चाहिये। पंजाब के लोग जब आततायी नादिर शाह के सामने नहीं झुके तो श्री शाह की क्या हैसियत हैं। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्री शाह ने पंजाब के किसानों को बहुत दुख पहुंचाया। 750 किसानों की जान चली गयीं। उन्होंने कहा, “ इस चुनाव में आप लोग भाजपा से किसान आंदोलन का बदला ले लो और बुरी तरह हरा दो ताकि उन्हें पंजाब से पंगा लेने का मतलब समझ आ जाये। ” श्री सिंह ने कहा कि भाजपा से देश के संविधान और लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा है। भाजपा और आरएसएस के लोग देश का संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। संविधान बनने के बाद उन्होंने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के पुतले जलाये और कहा कि यह संविधान देश के खिलाफ है। मंडल कमीशन की सिफारिश पर आरक्षण लागू होने के समय भी इन्होंने आरक्षण का बहुत विरोध किया था। भाजपा वाले शुरू से ही आरक्षण और संविधान के विरोधी रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तरह भारत में भी तानाशाही लागू करना चाहती है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव में सभी ने इसका उदाहरण देखा। इसलिये इस बार भाजपा को हराना देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिये बहुत जरूरी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^