अमरनाथ यात्रा के लिए 7,500 से अधिक यात्रियों का नया जत्था रवाना
21-Jul-2022 06:13 PM 2867
श्रीनगर, 21 जुलाई (AGENCY) घाटी स्थित भगवान श्री अमरनाथ के दर्शन के लिए पहलगाम और बालटाल के दो मार्गों से 7,500 से अधिक यात्रियों के नये जत्थे बुधवार को रवाना हुए। अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि 30 जून को शुरू हुई अमरनाथ यात्रा को आज 43 दिन हो गए और अभी तक 2,37,000 श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक 4,802 तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए। अधिकारियों ने शुष्क और साफ मौसम के बीच दक्षिण कश्मीर के नुनवान पहलगाम आधार शिविर और गांदेरबल जिले में दुमैल के रास्ते बालटाल से यात्रियों के एक नये जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति दी। जानकारी के अनुसार, 827 महिलाओं, 25 साधुओं और 73 बच्चों सहित 3,212 तीर्थयात्री सुबह बालटाल से दुमैल होते हुए अमरनाथ गुफा की यात्रा के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही बुधवार अपराह्न 11 बजे तक 545 तीर्थयात्रियों को भी बालटाल आधार शिविर से अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन करने के लिए हेलीकॉप्टर से ले जाया गया। वहीं, 4,000 से अधिक यात्रियों के नये जत्थों को पहलगाम में नुनवान आधार शिविर से और दक्षिण कश्मीर में चंदनवाड़ी और पंजतरणी के ठहराव स्थल से गुरुवार को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। मौसम विभाग श्रीनगर ने अगले तीन घंटों के दौरान पहलगाम-पवित्र गुफा और बालटाल पवित्र गुफा परिसर में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने यात्रियों और यात्रा प्रबंधकों के लिए सलाह जारी की, जिसमें उन्हें भूस्खलन, बाढ़, पत्थर गिरने आदि से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^