अब राहुल गांधी की यात्रा मप्र में 23 नवंबर को प्रवेश करेगी
14-Nov-2022 09:36 PM 4879
भोपाल, 14 नवंबर (संवाददाता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब मध्यप्रदेश में 20 नवंबर की बजाए 23 नवंबर को प्रवेश कर सकती है। विधानसभा चुनाव वाले गुजरात में श्री गांधी के दौरे के चलते यह परिवर्तन हुआ है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने यूनीवार्ता से चर्चा में कहा कि पहले श्री गांधी 20 नवंबर को महाराष्ट्र की सीमा से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश करने वाले थे। अब वे संभवत: 23 नवंबर को पूर्व निर्धारित रूट से ही बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेंगे। श्री गांधी की यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए 05 दिसंबर को आगरमालवा जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी। श्री मिश्रा ने बताया कि श्री गांधी के गुजरात दौरे के चलते यात्रा में परिवर्तन हो रहा है। अब वे संभवत: 23 नवंबर को बुरहानपुर जिले में आएंगे। इसके बाद उनकी यात्रा निर्धारित मार्ग से इंदौर, उज्जैन और अन्य जिलों से होते हुए आगरमालवा जिले से राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी। श्री मिश्रा ने आज अपनी मीडिया टीम के साथ मालवांचल में श्री गांधी की यात्रा के रूट का दौरा किया और मीडिया कवरेज तथा अन्य व्यवस्थाओं को देखा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ स्वयं श्री गांधी की यात्रा की तैयारियों को देख रहे हैं और वे भी रूट का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने यात्रा के मद्देनजर अनेक समितियों और उपसमितियों का गठन किया है। पहले जो कार्यक्रम तय था, उसके अनुसार श्री गांधी को 20 नवंबर की रात्रि में महाराष्ट्र से बुरहानपुर जिले में प्रवेश करना था। अगले दिन 21 नवंबर को यात्रा के विश्राम का दिन था। इसके उपरांत उन्हें 22 नवंबर को बुरहानपुर जिले से मध्यप्रदेश में यात्रा प्रारंभ करना थी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Khabar Baaz | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^